दिल्ली-आगरा-झांसी रूट पर वंदे भारत और गतिमान जैसी प्रीमियम ट्रेनें अब 160 की रफ्तार से नहीं दौड़ेंगी, 130 किमी./घंटा तय की गई नई रफ्तार

दिल्ली-आगरा-झांसी रूट पर वंदे भारत और गतिमान जैसी प्रीमियम ट्रेनें अब 160 की रफ्तार से नहीं दौड़ेंगी, 130 किमी./घंटा तय की गई नई रफ्तार


नई दिल्ली। 

देश के अलग-अलग रूटों पर रेलवे द्वारा वंदे भारत ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है। रेलवे वंदे भारत की गति को बढ़ाने के लिए अलग-अलग रूटों पर काम कर रहा है। लेकिन दिल्ली-आगरा-झांसी रूट पर वंदे भारत और गतिमान जैसी प्रीमियम ट्रेनों की गति को अब कम किया जा रहा है। इस रूट पर ट्रेनें 160 किमी.प्रति घंटे की रफ्तार की जगह अब 130 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती नज़र आएंगी। रेलवे का कहना है कि सुरक्षा के दृष्टिकोण की वजह से इस रूट पर तेज चलने वाली प्रीमियम ट्रेनों की गति को कम किया गया है। रेलवे सूत्रों का कहना है कि उत्तर-मध्य रेलवे ने रेलवे बोर्ड को पत्र लिखकर इस रूट पर सुरक्षित परिचालन के तहत ट्रेनों की गति को कम करने के लिए कहा है। 

इन ट्रेनों की रफ्तार कम करने के लिए भेजा गया पत्र

रेलवे सूत्रों के अनुसार उत्तर मध्य रेलवे ने रेलवे बोर्ड को पत्र लिखकर ट्रेन संख्या 12050/12049 दिल्ली-झांसी-दिल्ली गतिमान एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 22470/22469 दिल्ली-खजुराहो-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 20172/20171 दिल्ली-रानी कमलापति-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 12002/12001 दिल्ली-रानी कमलापति-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेनों की गति कम करने के लिए कहा है। 

गति कम करने का ये है कारण

रेलवे सूत्रों का कहना है कि नई दिल्ली से आगरा के बीच कवच सिस्टम लगाने का काम चल रहा है। कवच सिस्टम का काम पूरा होने तक ट्रेनों की गति कम रखी जाएगी। यही कारण है कि रेलवे ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से वंदे भारत सहित इस रूट पर चलने वाली तेज प्रीमियम ट्रेनों की स्पीड कम की है। उन्होंने बताया कि ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन को लेकर इस तरह की सावधानी बरती जा रही है। रिपोर्ट्स की मानें तो ट्रेन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कई रूटों पर कवच सिस्टम लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है।


Comments